श्री गणपति महोत्सव का भव्य समापन, 56 भोग और मंत्रोच्चार से गूंजा नगर निगम प्रांगण

उत्तराखंड रुड़की

हिन्द सन्देश टाइम्स संवाददाता
रुड़की। श्री ओम सेवा मंडल रजि० द्वारा नगर निगम प्रांगण में आयोजित दस दिवसीय श्री गणपति महोत्सव का समापन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। अंतिम दिवस पर पंचामृत, पंचमेवा और पुष्प अर्पण के साथ गणपति बप्पा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। भगवान गणपति को लड्डू और 56 भोग का महाभोग लगाया गया, जिससे पूरा परिसर भक्ति रस में सराबोर हो उठा।

इस अवसर पर अचार्य आर्यादी आयुष भारद्वाज ने श्री गणेश की पारंपरिक लोककथाओं और पौराणिक प्रसंगों का वर्णन करते हुए बताया कि गणपति जी को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजने की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश का सिद्धिप्रद मंत्र अत्यंत प्रभावी और सरल है। जो व्यक्ति श्रद्धा और सच्चे मन से इस मंत्र का जाप करता है, उसके जीवन में आने वाली बाधाएं और कठिनाइयाँ स्वतः ही दूर हो जाती हैं।

पूजन-अर्चना के दौरान पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी गणपति बप्पा से आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य लोग और समाजसेवी भी शामिल हुए। प्रमुख रूप से समाजसेवी अनिल माहेश्वरी, ठाकुर भुवनेश्वर, अजय वर्मा, सुधीर कौशिक (लेखपाल), संदीप यादव, अंकित त्यागी, अरुण सैनी, श्री ओम सेवा मंडल के अध्यक्ष गौरव सैनी, कोषाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, कुंवर अग्रवाल, सचिन कपूर, नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।

भक्तगणों की भारी भीड़ और गूंजते “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों के बीच महोत्सव का समापन हुआ। पूरे नगर निगम प्रांगण में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *