महराजगंज। मूर्ति विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को त्रिमुहानी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विसर्जन की तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने घाट पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, नावों और गोताखोरों की उपलब्धता तथा प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस, मोबाइल टॉयलेट, वाटर टैंकर और सीसीटीवी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही बिजली व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के लिए जनरेटर उपलब्ध रखने तथा घाट पर सिल्ट आदि डलवाकर फिसलन की समस्या रोकने को कहा।
डीएम ने नगर पालिका और ग्राम पंचायत के अधिकारियों को घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा विसर्जन के बाद मूर्तियों के अवशेषों का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर रहेगा विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ पार्किंग और बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन निर्धारित मार्गों और स्थलों पर निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार क्रमबद्ध तरीके से कराया जाए।
एसपी ने आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित रोस्टर के अनुसार मूर्तियों का गरिमापूर्ण विसर्जन कराने तथा घाटों पर अत्यधिक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने पर जोर दिया। उन्होंने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील
जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य और अनुशासन बनाए रखें तथा स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करें। प्रशासन के अनुसार, मंगलवार को त्रिमुहानी घाट पर सदर क्षेत्र की 12 और फरेंदा क्षेत्र की 14 मूर्तियों का विसर्जन किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर, तहसीलदार सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद महराजगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।