महराजगंज में मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन, 1923 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

उत्तर प्रदेश महराजगंज

2900 पात्र लोगों को किया गया चिह्नित, एक ही छत के नीचे मिली विधिक सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

महराजगंज, 1 नवंबर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में रविवार को महराजगंज के जिला उद्योग चौराहा स्थित श्रीबालाजी लॉन में मेगा वृहद विधिक सेवा एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने फीता काटकर किया।

इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।शिविर का आयोजन जनपद न्यायाधीश के आदेशानुसार जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था। न्यायिक अधिकारियों ने स्टॉलों का किया निरीक्षण।

शिविर के शुभारंभ के बाद प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए।शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, जिला कारागार, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, श्रम विभाग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन विभाग, कृषि, उद्यान, पशुपालन, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, राजस्व, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, जिला प्रोबेशन, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।

2900 पात्र लोग चिह्नित, 1923 लाभार्थी लाभान्वित

आयोजकों के अनुसार, प्री-कैंप एवं मेगा कैंप के माध्यम से कुल 2900 पात्र लोगों को चिह्नित किया गया। इनमें से कुल 1923 लाभार्थियों को शिविर के माध्यम से विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में पात्र व्यक्तियों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में भी पहल की गई।

निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति किया जागरूक

शिविर के दौरान आमजन को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र व्यक्तियों को न्याय तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना था।

मेगा शिविर के आयोजन के लिए प्रभारी जनपद न्यायाधीश की ओर से पांच सदस्यीय न्यायिक समिति का गठन किया गया था। इसमें विशेष न्यायाधीश, अनन्य न्यायालय (पॉक्सो अधिनियम) को अध्यक्ष तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड, अपर सिविल जज (अवर खंड) और सिविल जज (अवर खंड) को सदस्य बनाया गया।

शिविर में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण रामदरश चौधरी, जिला विकास अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक आशीष वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी, पैरा लीगल वालंटियर्स, अधिकार मित्र तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *