परतावल/महराजगंज। गोवा में आयोजित राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित नगर पंचायत परतावल की होनहार बेटी अलीजा परवीन अंसारी का शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ प्रतिभाशाली बेटी का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह तथा वर्तमान सभासद एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने अलीजा को मेडल, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि अलीजा की यह उपलब्धि पूरे महराजगंज जनपद के लिए गर्व का विषय है और उसकी सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों व युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
काशीनाथ सिंह ने कहा कि अलीजा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर परतावल, महराजगंज और उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी देश के लिए स्वर्णिम सफलता अर्जित कर तिरंगे का मान बढ़ाएगी।
सतीश मद्धेशिया ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना समाज का दायित्व है। इससे अन्य बच्चों को भी खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत भविष्य में भी क्षेत्र की प्रतिभाओं को हरसंभव प्रोत्साहन देती रहेगी।

समारोह में उपस्थित लोगों ने अलीजा परवीन अंसारी एवं उनके परिवार को बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और भारत का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राजन वर्मा, सतीश मिश्रा, ओसीयर यादव, शनि साहनी, शिवम द्विवेदी, रोशन राय, देवराज सिंह, अजीमुल अंसारी, असगर अली सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।