महराजगंज:- भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई । बुधवार को पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 970 प्रतिबंधित दवाइयों के इंजेक्शन बरामद किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे तस्करी विरोधी अभियान के तहत यह कार्यवाही की गई। ठूठीबारी थाना क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक प्रणव कुमार ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निरंजन उर्फ विवेक कसौधन (20) और निकेश कुमार (19) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से Cerejack Diazepam Injection IP के 480 इंजेक्शन और Talgesic Buprenorphine Injection IP के 490 इंजेक्शन बरामद हुए।
एसपी – तस्करी के खिलाफ सख्त कार्यवाही जारी
मामले पर जानकारी देते हुए महराजगंज पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि जनपद में तस्करी रोकने के लिए पुलिस सतर्कता के साथ कार्यवाही कर रही है। यह सफलता पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्यवाही का परिणाम है। तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस कड़ी कार्यवाही कर रही है।
गिरफ्तारी और बरामदगी
प्रभारी निरीक्षक प्रणव कुमार ओझा, उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश, महिला उपनिरीक्षक खुशबू, हेड कांस्टेबल मानिकचन्द्र, मनीष कुमार गौड़, कांस्टेबल भीम कुमार और कवि कुमार की अहम भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्यवाही ने न केवल तस्करी की साजिश को नाकाम किया बल्कि यह भी साबित किया कि महराजगंज पुलिस अपराध और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।