खाद की किल्लत से किसान बेहाल, खाली हाथ लौटे सैकड़ों किसान।
परतावल/महराजगंज।
नगर पंचायत परतावल के वार्ड नम्बर 15 महंत अवैद्यनाथ नगर में स्थित इफको बाजार में यूरिया खाद की भारी कमी से खरीफ सीजन में किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बीती शुक्रवार की रात से ही परतावल इफको केंद्र पर सैकड़ों किसान यूरिया के लिए लाइन में खड़े रहे। महिलाएं और पुरुष भी रात दो बजे से कतार में खड़े रहे लेकिन सुबह तक कई किसानों को खाद नहीं मिल सका।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के किसान जगरनाथ यादव, अजय पाल, रामदवन सिंह, हरिनाथ यादव, राकेश सिंह, मोहम्मद फैज अली, बेचन त्रिपाठी, काजल, निर्मला, विमला, सोनिया, सीमा गुप्ता, बरफी, मैना, संगीता व छाया ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद कुछ लोगों के चेहरे पर खाद पाने के बाद मुस्कान आया वहीं कुछ किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।
किसानों का कहना है कि समय पर खाद न मिलने से धान की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और पैदावार भी घट जाएगी।
भारी संख्या में किसानों ने आरोप लगाया कि खाद की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में और समय पर नहीं हो रही जिससे बिचौलियों की सक्रियता और काला बाजारी की आशंका बढ़ गई है।
इफको केंद्र प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि केंद्र पर 500 बोरी यूरिया खाद आया था, खतौनी देखकर खाद वितरण किया गया इसके बावजूद सैकड़ों किसान बिना खाद के वापस लौट गए।
हालात बिगड़ते देख उपनिरीक्षक सुदामा यादव, कास्टेबल राजू यादव, होमगार्ड राजमन आदि मौके पर पहुंच भीड़ को नियंत्रित किया। किसानों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी बड़ी किल्लत नहीं देखी। अगर समय पर खाद नहीं मिला तो खेत में अन्न नहीं और घर में चावल नहीं होगी एक किसान ने व्यथा जताई। किसानों ने प्रशासन से तत्काल पर्याप्त यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि फसल बचाई जा सके।