आईआईटी रुड़की का 25वां दीक्षांत समारोह 5 सितंबर को
रुड़की (इमरान देशभक्त)।
आईआईटी रुड़की का 25वां दीक्षांत समारोह आगामी 5 सितंबर को आयोजित होगा, जिसमें 2614 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
संस्थान के निदेशक प्रोफेसर के.के. पंत ने सीनेट हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) डॉ. जितेंद्र सिंह शामिल होंगे। इनके अलावा डॉ. निर्मलजीत सिंह कलसी (सेवानिवृत आईएएस) विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता अभिशासक परिषद के अध्यक्ष डॉ. सी.सी.आर. मोहन रेड्डी करेंगे।
दूसरे सत्र में संस्थान के एल्युमीनाई और विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे।
निदेशक प्रो. पंत ने बताया कि इस बार जिन 2614 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी, उनमें
1267 स्नातक
847 स्नातकोत्तर
500 पीएचडी छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
इनमें से 602 छात्राएं (24%) हैं, जिनमें 178 पीएचडी छात्राएं भी सम्मिलित हैं। लगभग 70 विदेशी छात्र-छात्राओं को भी डिग्री प्रदान की जाएगी।
प्रो. पंत ने कहा कि दीक्षांत समारोह हमारे विद्यार्थियों की मेहनत और लगन का उत्सव है तथा उनके भविष्य के उद्यमशील और नवाचारपूर्ण योगदान का प्रतीक है। उन्होंने समारोह के लिए एक प्रचार वीडियो भी लॉन्च किया, जिसमें संस्थान और छात्रों की उपलब्धियों को दर्शाया गया।
जो लोग समारोह में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए इसका सीधा प्रसारण आईआईटी रुड़की के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध रहेगा।
आईआईटी रुड़की की स्थापना वर्ष 1847 में हुई थी। यह राष्ट्रीय महत्व का संस्थान इंजीनियरिंग, विज्ञान, प्रबंधन, वास्तुकला, नियोजन, मानविकी और सामाजिक विज्ञान के क्षेत्रों में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के लिए जाना जाता है तथा देश को तकनीकी मानव संसाधन उपलब्ध कराने में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।