वर्ष 2025 के नोबेल पुरस्कारों का ऐलान जारी है। सोमवार को चिकित्सा के बाद, मंगलवार को भौतिकी (फिजिक्स) के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार विजेताओं के नामों का ऐलान किया गया।इस साल भौतिकी का प्रतिष्ठित नोबेल पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों, जॉन क्लार्क, मिशेल एच डेवोरेट और जॉन एम मार्टिनिस को संयुक्त रूप से दिया जाएगा। उन्हें यह सम्मान ‘विद्युत परिपथों में मैक्रोस्कोपिक क्वांटम, मैकेनिकल टनलिंग और ऊर्जा के क्वांटाइजेशन’ की खोज में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया है।पुरस्कार की धनराशिभौतिकी का नोबेल पुरस्कार प्रत्येक वर्ष रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज द्वारा भौतिक विज्ञान के क्षेत्र में असाधारण खोजों के लिए दिया जाता है। विजेताओं को सम्मान के तौर पर 11 मिलियन स्वीडिश क्राउन (लगभग 12 मिलियन डॉलर) की इनामी रकम मिलती है। जब किसी खोज के लिए एक से अधिक वैज्ञानिकों को यह पुरस्कार मिलता है, तो धनराशि सभी में बराबर बांट दी जाती है।अन्य नोबेल पुरस्कारनोबेल समिति की परंपरा के अनुसार, भौतिकी इस सप्ताह दिया जाने वाला दूसरा पुरस्कार है। इससे पहले, प्रतिरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य के लिए दो अमेरिकी और एक जापानी वैज्ञानिक को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था। अगले बुधवार को रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा की जाएगी।नोबेल पुरस्कार का इतिहासनोबेल पुरस्कार की स्थापना ‘डायनामाइट’ के आविष्कारक अल्फ्रेड नोबेल की वसीयत के आधार पर की गई थी। अपने इस आविष्कार के पेटेंट से नोबेल ने अपार संपत्ति अर्जित की थी। अल्फ्रेड नोबेल स्वभाव से शांतिप्रिय व्यक्ति थे, लेकिन उनके आविष्कार मानवता के लिए विनाशकारी साबित हो रहे थे। इसी कारण, अपनी मृत्यु से पहले उन्होंने एक वसीयत तैयार की, जिसमें उन्होंने लिखा कि हर साल उस व्यक्ति को एक पुरस्कार दिया जाना चाहिए जो “राष्ट्रों के बीच भाईचारे के लिए सबसे उत्कृष्ट कार्य करे।” अल्फ्रेड नोबेल के निधन (10 दिसंबर 1896) के पांच साल बाद, 1901 में पहले नोबेल पुरस्कार प्रदान किए गए।