रुड़की। भाजपा संगठनात्मक रुड़की जिले के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में रविवार को “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे आत्मनिर्भर भारत अभियान की भावना और योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि “आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावना और शक्ति का प्रतीक है। ट्रंप जैसे फूफा का जवाब है स्वदेशी।”
सांसद रावत ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, स्थानीय उद्योगों को सशक्त करने और युवाओं को नवाचार के लिए प्रेरित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान राष्ट्र की आर्थिक, सामाजिक और मानसिक स्वतंत्रता की ओर एक बड़ा कदम है।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र व राज्य सरकारें अनेक योजनाएँ चला रही हैं।
मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने महिलाओं से आग्रह किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें और समाज के आर्थिक विकास में अपनी भूमिका निभाएँ।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर ग्रामीण रोजगार जैसी योजनाओं से लाखों युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं।
राज्य मंत्री देशराज कर्नवाल ने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” का आह्वान अब एक जनांदोलन का रूप ले चुका है, जबकि राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्र के स्वाभिमान को पुनः स्थापित करना है।
भाजपा वरिष्ठ नेता चौधरी धीर सिंह ने कहा कि सरकार के प्रयासों से आज भारत आत्मविश्वास के साथ विश्व मंच पर खड़ा है। कार्यक्रम के उपरांत सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित भाजपा रुड़की जिला कार्यालय का निरीक्षण भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों के साथ किया।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह जय सागर गोयल ने किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल, पवन तोमर, सुशील त्यागी, अनीस गौड़, डॉ. सौरभ गुप्ता, सतीश सैनी, सचिन झबरेडी, तेजपाल मौर्य, प्रतिभा चौहान, पंकज नंदा, गीता मलिक, गुरजिंदर प्रधान, सुबोध सैनी, आशीष शर्मा, बृजेश गुप्ता, रश्मि चौधरी, सुदेश चौधरी, हितेश शर्मा, संजय पाल, सोहन सिंह राणा, गीतेद्र, अफजल अली सहित महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।