खुद ही काटा ताला, खुद ही दी सूचना — पुलिस जांच में निकला पूरा मामला फर्जी
सीसीटीवी कैमरा टूटा और ब्लेड मिलने से बढ़ा शक, चौकी प्रभारी की सूझबूझ से खुली पोल
स्वाट व क्राइम ब्रांच की संयुक्त जांच में पकड़ी गई झूठी रिपोर्ट, आरोपी पर होगी कार्रवाई
महराजगंज:- जनपद के अन्तर्गत कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा नटुआ बाजार स्थित देशी शराब की दुकान में चोरी की झूठी कहानी रचने वाले मुनीब की साजिश का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस पूरे मामले में चौकी प्रभारी मनीष पटेल की सूझबूझ और तत्परता से सच्चाई सामने आई।
रविवार की सुबह दुकान के मुनीब पप्पू कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि रात में अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर 27 पेटी शराब और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस,बागापार चौकी प्रभारी मनीष पटेल मय टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को मौके पर टूटा हुआ सीसीटीवी कैमरा और एक ब्लेड मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। चौकी प्रभारी मनीष पटेल व गठित स्वाट और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और जब साक्ष्यों को परखा गया तो कहानी में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस ने गहन पूछताछ की तो सारा सच उजागर हो गया।
जांच में पाया गया कि दुकान में कोई चोरी नहीं हुई थी। दुकान के मुनीब ने खुद ही ताला काटकर चोरी का नाटक रचा था ताकि नगद और शराब गायब करने की साजिश को छिपाया जा सके।
चौकी प्रभारी मनीष पटेल की सक्रियता और सटीक जांच के चलते पूरी साजिश का भंडाफोड़ हो गया। पुलिस अब आरोपी मुनीब के खिलाफ विधिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है।