पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत होंगे मुख्य अतिथि, सफाई मित्रों को किया जाएगा सम्मानित
रुड़की।उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नगर में सामाजिक जागरूकता और स्वच्छता के प्रति समर्पण का प्रतीक बनने जा रहा है एक विशेष आयोजन। प्रसिद्ध सामाजिक संस्था ‘मेरी आवाज सुनो जन कल्याण समिति (रजि०)’ द्वारा आगामी 2 नवंबर को नगर निगम सभागार में भव्य ‘सफाई मित्र सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेविका रश्मि चौधरी ने बताया कि यह कार्यक्रम उन सफाई मित्रों को समर्पित है जो समाज में स्वच्छता बनाए रखने के लिए दिन-रात कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र हमारे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके योगदान को समाज के सामने सम्मानित करना हमारा नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आर.डी. शर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, रुड़की मेयर अनीता देवी अग्रवाल, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, चेयरमैन अनिल त्यागी, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. रेनू शरण, नगर आयुक्त राकेश तिवारी और भाजपा नेता मयंक गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
रश्मि चौधरी ने बताया कि समारोह में सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और सम्मान वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम में स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनहित के कार्यों को प्रोत्साहन देना है। यह कार्यक्रम न केवल सफाई मित्रों का सम्मान है बल्कि समाज को यह संदेश देने का प्रयास भी है कि ‘स्वच्छता ही सेवा है।’
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु समिति की तैयारियां जोरों पर हैं और नगर के विभिन्न वार्डों से सफाई मित्रों को समारोह में आमंत्रित किया गया है।