महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र में अगया पुल से सेमरा राजा बड़ी नहर पटरी तक जाने वाली सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है। पूरी सड़क जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग घायल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। खासकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।