प्रधानों ने की कार्यकाल बढ़ाने की मांग, विधायक को सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महराजगंज

परतावल/महराजगंज। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद अंतर्गत परतावल विकास खंड में ग्राम प्रधानों ने पंचायतों के कार्यकाल विस्तार की मांग तेज कर दी है।

ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष एजाज खान और जिला उपाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार सुबह पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में प्रधानों ने बताया कि प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, जबकि वर्तमान परिस्थितियों में समय पर पंचायत चुनाव कराना संभव नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव नहीं हो पाते हैं और निर्वाचित पंचायतों को भंग कर प्रशासक नियुक्त किए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के विरुद्ध होगा।

प्रधानों ने अपने ज्ञापन में पूर्व के अनुभवों का हवाला देते हुए कहा कि प्रशासकों के कार्यकाल में पारदर्शिता की कमी, जवाबदेही का अभाव और विकास कार्यों में बाधाएं देखी गई थीं। इसके विपरीत ग्राम प्रधान और पंचायत प्रतिनिधि सीधे जनता द्वारा चुने जाते हैं, जो स्थानीय समस्याओं और जरूरतों को बेहतर ढंग से समझते हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अन्य राज्यों में समान परिस्थितियों में निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल बढ़ाकर लोकतांत्रिक निरंतरता बनाए रखी गई है। ऐसे में उन्होंने विधायक के माध्यम से प्रदेश सरकार से पंचायत कार्यकाल बढ़ाने पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है।

इस दौरान प्रधान लालजी चौधरी, सुनील कुमार, जुबैर, मनोज कुमार, जमीरुल्लाह, दीनानाथ, बलवंत विश्वकर्मा, शहंशाह, अमित सिंह, रामचंद्र, श्याम पाण्डेय और सुधाकर सहित कई अन्य प्रधान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *