महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवां गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा आर्थिक सहायता की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हकामू उर्फ इमामुद्दीन रविवार की शाम करीब 7:30 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि शराब भट्टी पर किसी ने उन्हें बुलाया है। देर रात तक घर वापस न लौटने पर पत्नी सरवर जहां अपने बच्चों के साथ उनकी तलाश में निकलीं, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह करीब 6 बजे राहगीरों ने शराब भट्टी के पास स्थित पुलिया के नीचे एक शव देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान हकामू उर्फ इमामुद्दीन के रूप में हुई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की मदद से शव को पुलिया के नीचे से बाहर निकाला गया तथा सुबह लगभग 8 बजे पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। मृतक की पत्नी सरवर जहां का आरोप है कि घटना स्थल से कुछ दूरी पर शराब भट्टी के पास उनके पति का एक चप्पल मिला, जबकि दूसरा चप्पल पुलिया के समीप मिला। उन्होंने दावा किया कि मृतक के शरीर पर गहरी चोट के निशान थे, जिससे हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सरवर जहां ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि घटना से दो दिन पहले मोटरसाइकिल को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति से उनके पति का विवाद हुआ था, जिसमें कथित तौर पर धमकी भी दी गई थी। स्थानीय पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर वह मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।