भिटौली थाने से न्याय न मिलने पर पीड़ित पहुँचा एसपी कार्यालय, लगाई न्याय की गुहार

महराजगंज उत्तर प्रदेश

हिन्द सन्देश टाइम्स ब्यूरो, महराजगंज

महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुरमीर निवासी प्रमोदचंद पुत्र रामबचन ने भिटौली थाना पुलिस पर न्याय न देने और समझौता करने का दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़ित प्रमोदचंद ने बताया कि उसका ट्रक-ट्रेलर (संख्या BR-28 GB-2642) दिनांक 24 सितंबर 2025 को ग्राम पिपरा खादर के पास आग लगने से जल गया था। घटना के बाद से वाहन सड़क किनारे खड़ा था। इस दौरान अज्ञात चोरों ने ट्रक के पहिए चोरी कर लिए।

प्रमोदचंद के अनुसार, 2 नवम्बर की रात पुलिस ने एक चोर को रंगेहाथ ट्रक का पहिया खोलते हुए पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की मोटरसाइकिल (संख्या UP-56 AN-7661) भी बरामद की गई थी।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने घटना की सूचना थाना भिटौली में दी, तो थानाध्यक्ष ने उसे धमकाते हुए कहा कि ट्रक को तुरंत हटाओ, अन्यथा चोरी के मुकदमे में तुम्हें ही जेल भेज दिया जाएगा। प्रमोदचंद का दावा है कि 3 नवम्बर को थानाध्यक्ष ने फोन कर उसे चोरों से 20 हजार रुपये लेकर समझौता करने को कहा, अन्यथा उसके खिलाफ ही कार्रवाई करने की धमकी दी।

न्याय न मिलने से व्यथित पीड़ित अब पुलिस अधीक्षक महराजगंज के कार्यालय पहुँचा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच सीओ सदर को सौंप दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *