पराली के विरुद्ध अभियान में डीएम–एसपी उतरे ग्राउंड ज़ीरो पर, पराली जलाने पर की जाएगी सख्त कार्यवाही: जिलाधिकारी

महराजगंज उत्तर प्रदेश

ग्राम अगया में बिना एसएमएस कटाई पर कंबाइन मशीन सीज; किसानों को जागरूक कर गौशालाओं को पराली दान करने का अनुरोध

महराजगंज:- 14 नवम्बर 2025 जनपद में पराली जलाने की बढ़ती घटनाओं पर नियंत्रण हेतु जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना ने सदर तहसील क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा, अगया समेत कई गाँवों में स्थलीय निरीक्षण किया। ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचकर दोनों अधिकारियों ने खेतों में पराली जलाने की स्थिति का जायज़ा लिया तथा संबंधित विभागों को कड़ी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान ग्राम अगया में एक कंबाइन मशीन द्वारा बिना सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) के धान की कटाई किए जाने पर मशीन को मौके पर ही सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर टीमें भेजकर पराली जलाने वालों की पहचान सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।

 

पुलिस अधीक्षक ने सीओ सदर को आदेश दिया कि बीट कांस्टेबलों को सक्रिय कर पराली जलाने वालों को चिन्हित करते हुए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

किसानों को समझाया—पराली जलाना नुकसानदेह और गैरकानूनी

जिलाधिकारी ने किसानों से संवाद करते हुए पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय, स्वास्थ्य संबंधी और कृषि उत्पादकता पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से भूमि की उर्वरा शक्ति घटती है, वायु प्रदूषण बढ़ता है और मानव–पशु स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है।

 

उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित किया कि वे—

हैप्पी सीडर

सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS)

रोटावेटर

कम्पोस्ट निर्माण

 

जैसी वैकल्पिक तकनीकों का उपयोग करें।

 

साथ ही उन्होंने अतिरिक्त पराली को गौशालाओं में दान करने का सुझाव दिया और आश्वासन दिया कि पराली ले जाने की व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

कठोर चेतावनी—SC और NGT के निर्देश सख्त

 

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों को दंडित करना नहीं बल्कि जागरूक करना है, लेकिन पराली जलाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि पराली जलाने वालों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत, जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।

 

कृषि विभाग को निर्देश दिया गया कि किसानों को निःशुल्क या सब्सिडी पर उपलब्ध कृषि यंत्रों की जानकारी अधिकतम स्तर पर पहुँचाई जाए।

अभियान के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन को पराली न जलाने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों की उपस्थित‍ि में निरीक्षण सीओ सदर जे.पी. त्रिपाठी, तहसीलदार सदर पंकज शाही, उपनिदेशक कृषि संजीव कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि तड़पती, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *