महराजगंज में 12 वर्षीय मासूम हिमांशु की हत्या, इलाके में गुस्सा,परिवार के साथ खड़ी अधिवक्ता रमाकांती त्रिपाठी

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के चिउरहा वार्ड नंबर 19 निवासी 12 वर्षीय हिमांशु चौधरी की हत्या से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। 24 अगस्त की शाम को अचानक लापता हुए हिमांशु का शव कुछ दिनों बाद दुबौली नहर से बरामद हुआ। मासूम की इस निर्मम हत्या से परिजन ही नहीं बल्कि पूरा क्षेत्र सदमे और गुस्से में है।

घटना का कारण

जांच में सामने आया है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास है। पूर्व में उसने अपनी पत्नी की हत्या की थी और उस मुकदमे में मृतक हिमांशु के माता-पिता ने झूठी गवाही देने से इंकार कर दिया था। इसी दुश्मनी के चलते आरोपी ने मासूम बालक का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस की कार्यवाही

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और हत्या के इस सनसनीखेज मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

परिवार के साथ खड़ी अधिवक्ता रमाकांती त्रिपाठी

न्याय की लड़ाई को मजबूती देने के लिए पीड़ित परिवार ने सिविल कोर्ट महराजगंज की अधिवक्ता रमाकांती त्रिपाठी को अपना वकील नियुक्त किया है। रमाकांती त्रिपाठी, जो भाजपा नेत्री और नरेंद्र मोदी विचार महिला मंच उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, ने पीड़ित परिवार को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का ही नहीं बल्कि पूरे समाज का दर्द है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाना ही असली न्याय होगा।

लोगों का आक्रोश

घटना के बाद इलाके में गुस्सा है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक आरोपी को कठोर सजा नहीं मिलती, तब तक समाज में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पाएगी। लोगों ने शासन-प्रशासन से दोषी के खिलाफ फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर शीघ्रतम न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *