परतावल (महराजगंज)। नगर पंचायत परतावल स्थित हाजी ज्वेलर्स के पास अपने परिजनों से बिछड़े तीन वर्षीय मासूम बच्चे को परतावल चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र आधे घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हम्मद राजा (3 वर्ष) पुत्र शाहिद अली, निवासी जंगल पकड़ी पठान टोला, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर अपने परिजनों के साथ परतावल आया हुआ था। इसी दौरान वह अचानक अपने परिवार से बिछड़ गया। बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए महज आधे घंटे के भीतर मासूम को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद बच्चे को उसके पिता शाहिद अली के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस सफल कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी परतावल चौकी पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता के कारण एक परिवार की बड़ी चिंता कुछ ही समय में समाप्त हो गई।
परतावल चौकी पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई न केवल पुलिस की सजगता का उदाहरण है, बल्कि आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को भी मजबूत करती है।