हिन्द सन्देश टाइम्स
शिव शंभू सिंह
एवोक इंडिया द्वारा बीएसई इन्वेस्टर्स प्रोटेक्शन फंड (BSE IPF) के सहयोग से आज दिनांक 20 जनवरी 2026 को DIET कुशीनगर, बहोरापुर में माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं (Trainees) के लिए वित्तीय साक्षरता एवं निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को वित्तीय नियोजन की समझ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार निवेश के सिद्धांत, पूंजी बाजार की मूल अवधारणाएँ तथा निवेशकों के अधिकारों और संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक के रूप में श्री प्रवीण कुमार द्विवेदी, संस्थापक एवं अध्यक्ष, एवोक इंडिया ग्रुप, उपस्थित रहे। उन्होंने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि किस प्रकार सही वित्तीय निर्णय भविष्य को सुरक्षित बनाते हैं, निवेश से जुड़े जोखिमों को समझना क्यों आवश्यक है तथा निवेशक संरक्षण तंत्र किस प्रकार कार्य करता है।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्री शिवनाथ चक्रवर्ती सहित प्रवक्ता श्री धनंजय कुमार चतुर्वेदी, श्री चंद्रशेखर कुमार, श्रीमती अर्चना सिंह, श्रीमती प्रीती गुप्ता तथा डॉ. अर्चना सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा वित्तीय साक्षरता के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय योजना, निवेश संबंधी सावधानियाँ, डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव तथा निवेशकों के अधिकारों पर विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। सत्र को संवादात्मक रखा गया, जिसमें शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं ने सक्रिय सहभागिता की और अपने प्रश्नों के माध्यम से विषय को बेहतर ढंग से समझा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं की सहभागिता रही, जिन्होंने इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।
उत्तर प्रदेश में एकमात्र सेबी-पंजीकृत इन्वेस्टर एसोसिएशन एवं सेबी SMART ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन के रूप में मान्यता प्राप्त एवोक इंडिया द्वारा किया गया यह प्रयास समाज में वित्तीय जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।