हिन्द सन्देश टाइम्स,पटहेरवा (कुशीनगर)। पटहेरवा थाना क्षेत्र के बोदा टोला गांव में जहरीले सांप के डसने से एक युवक की मौत हो गई। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी याकूब अली के पुत्र मोहम्मद इब्राहिम (35 वर्ष) को मंगलवार की रात जहरीले सांप ने डस लिया। बताया जाता है कि घर के दरवाजे के पास बालू को प्लास्टिक के तिरपाल से ढंककर रखा गया था। उसके बगल में रखे एक प्लास्टिक के डिब्बे को उठाने के दौरान तिरपाल में छिपे सांप ने इब्राहिम को डस लिया।
सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी फाजिलनगर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर, पडरौना रेफर कर दिया। देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं गांव के लोग भी शोक में डूब गए। ग्रामीण कय्यूम सिद्दीकी, नईम अहमद और तमजीर आलम ने बताया कि इब्राहिम बेहद नेक, मिलनसार और सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचा है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।