महराजगंज में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय सुदृढ़ करने के निर्देश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 24 फरवरी 2026 को जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देशित किया कि मुख्य सड़क मार्गों के किनारे आवश्यक साइनेज (संकेतक बोर्ड) लगाए जाएं, ताकि सड़क यातायात सुरक्षित एवं सुगम हो सके। इस पर अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री आर.के. मिश्रा ने अवगत कराया कि जनपद के कुल 11 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए थे, जहां साइनेज, रिपीटेड बार, रिफ्लेक्टिव टेप तथा आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ीकरण का कार्य कर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मार्गों पर मानक के अनुरूप बैरियर एवं बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की नियमित कटाई सुनिश्चित कराने को कहा। विशेष रूप से महराजगंज–गोरखपुर मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में एआरटीओ श्री मनोज सिंह को निर्देशित किया गया कि वाहनों की फिटनेस जांच गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कराई जाए। मानकों पर खरे न उतरने वाले वाहनों के विरुद्ध सीज की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग एवं एआरटीओ को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री आर.के. मिश्रा, एआरटीओ श्री मनोज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *