रुड़की में 28 फरवरी को होगा 85वां अखिल भारतीय ज्योतिष महाकुंभ

उत्तराखंड रुड़की

रुड़की। प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज ने सिविल लाइन स्थित एक प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड ज्योतिष परिषद द्वारा आगामी 28 फरवरी को 85वां अखिल भारतीय ज्योतिष महाकुंभ रुड़की में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम आदर्श नगर में संपन्न होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से विशिष्ट विद्वान भाग लेंगे।

आचार्य सेमवाल ने बताया कि महाकुंभ में ज्योतिष, धर्म, वेद एवं वेदांत विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। नव संवत्सर 2083 के शुभागमन के उपलक्ष्य में विशेष ज्योतिषीय विमर्श आयोजित होगा, जिसमें देश-दुनिया की स्थिति तथा आने वाले वर्ष के संभावित प्रभावों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विद्वान आमजन को निःशुल्क ज्योतिषीय परामर्श भी प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन जगतगुरु शंकराचार्य राज राजेश्वरम जी महाराज द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. रवींद्र पुरी, महामंडलेश्वर यतीन्द्रानंद गिरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

आचार्य सेमवाल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. लेखराज शर्मा, डॉ. अजय, डॉ. पवन सिंह, डॉ. अनिल वत्स, डॉ. राजकुमार द्विवेदी, जीडी वशिष्ठ, पंडित के.ए. दुबे, पद्मेश आचार्य, सुरेश शर्मा एवं राजेश्वराचार्य सहित अन्य विद्वान मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

प्रेसवार्ता में पंडित संजीव शास्त्री एवं पंडित प्रवीण शास्त्री सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *