संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 07 मार्च 2026। तहसील नौतनवा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने तहसील सभागार में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान कुल 104 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी मामलों का तय समयसीमा के भीतर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस से जुड़े प्रकरणों और आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। अधिकारी स्वयं निगरानी करते हुए अपने पर्यवेक्षण में शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभागीय अधिकारी सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, नगर पंचायत, जिला पूर्ति विभाग और विद्युत विभाग से संबंधित मामले शामिल रहे।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम नवीन प्रसाद, सीएमओ नवनाथ प्रसाद, डीडीओ भोला कन्नौजिया, तहसीलदार कर्ण सिंह, सूचनाधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता, डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *