सीएम योगी पर कथित टिप्पणी से आक्रोशित बजरंग शाखा कार्यकर्ता, परतावल में अब्दुल्ला सलीम का पुतला दहन

उत्तर प्रदेश महराजगंज

परतावल/महराजगंज:- नगर पंचायत परतावल के मुख्य बाजार चौराहे पर रविवार को बजरंग शाखा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बजरंग शाखा के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में नारेबाजी की और अब्दुल्ला सलीम का पुतला फूंका ।

बताया गया कि अब्दुल्ला सलीम द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबंध में की गई कथित टिप्पणी से आक्रोशित कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मुख्य बाजार चौराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुतले को चौराहे के चारों ओर घुमाते हुए बीच सड़क पर लाकर दहन किया। इस दौरान “योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद” और “देश विरोधी ताकतों मुर्दाबाद” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे बजरंग शाखा के अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र या अमर्यादित टिप्पणी को समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ प्रदेश में सुशासन, कानून व्यवस्था और विकास के प्रतीक हैं, ऐसे में उनके खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अब्दुल्ला सलीम के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने से पहले सोचे।

इस मौके पर रमेश गुप्ता, श्रीराम गुप्ता, रविंद्र मद्धेशिया, संतोष मद्धेशिया, प्रभाव मद्धेशिया, जयप्रकाश, डॉ. बैजनाथ, सतीश जायसवाल, ओसिया यादव, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, श्याम उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासन की निगरानी भी बनी रही, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *