सदर ब्लॉक सभागार में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की एक दिवसीय बैठक सम्पन्न

उत्तर प्रदेश महराजगंज

ग्रामीण पत्रकारों की एकजुटता पर जोर, अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन मजबूत करने का आह्वान

महराजगंज :-
जिले के सदर ब्लॉक सभागार में रविवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण पत्रकारों की सहभागिता देखने को मिली। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण पत्रकार समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने का कार्य करते हैं। वे गांव-गांव की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि जब स्वयं पत्रकारों पर संकट आता है तो उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ वर्ष 1982 में बाबू बालेश्वर लाल द्वारा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की स्थापना की गई थी, ताकि पत्रकारों को एक सशक्त मंच मिल सके।

उन्होंने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि आज के समय में पत्रकारों के सामने कई प्रकार की चुनौतियां हैं, जिनका सामना केवल एकजुट होकर ही किया जा सकता है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के विस्तार, सक्रियता और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय ने कहा कि संगठन हर परिस्थिति में पत्रकारों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने पर संगठन पूरी मजबूती से उसकी आवाज उठाएगा और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगा।

इस बैठक में विवेक कुमार पाण्डेय, मदन मुरारी चौबे, अमित मिश्रा, आनंद कुमार पाण्डेय, नागेंद्र दुबे, नीरज कुमार मिश्र, दिलीप कुमार पाण्डेय, अंबिका दत्त चौबे, दिनेश मिश्रा, विनोद कुमार द्विवेदी, विमलेश कुमार पाण्डेय, अभिनव पाण्डेय, अर्जुन चौधरी, संदीप सिंह, शत्रुघ्न पाण्डेय, विप्लव मद्धेशिया, सगुन शर्मा, आत्मा सिंह सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।

अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने तथा आपसी एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *