परतावल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बजरंग शाखा परतावल द्वारा अन्हैया माई के पावन स्थल पर वन विहार कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी काशीनाथ सिंह ने की। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों से ओत-प्रोत विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता निभाई।
वन विहार कार्यक्रम के दौरान अंताक्षरी प्रतियोगिता, वीर रस की कविताओं का पाठ, देशभक्ति गीत, भारत माता के जयघोष तथा अन्य रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक एकता का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित स्वयंसेवकों ने भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका पर भी चर्चा की।
अध्यक्षीय संबोधन में काशीनाथ सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से स्वयंसेवकों में अनुशासन, संगठन भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सतीश कुमार जायसवाल, डॉ. बैजनाथ यादव, प्रभाषंकर मद्धेशिया, गंगाधर जायसवाल, माखन भंडारी, मुकुल शर्मा, राधेश्याम प्रजापति, रमेश मद्धेशिया, संतोष मद्धेशिया, द्वारिका वर्मा, धर्मेंद्र टेलर मास्टर, जयप्रकाश मद्धेशिया, हैप्पी सिंह, अंकुर सराफ, रविंद्र मद्धेशिया, विवेकानंद पटेल सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।