हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज/भिटौली:- भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरगदही में विवाहिता प्रीति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, पिता के तहरी पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए पति राजभान को गिरफ्तार कर न्यायालय को किया सुपुर्द, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में नामजद दूसरी आरोपी जेठानी ज्ञानती देवी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात प्रीति का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद मृतका के पिता राम प्यारे ने थाने में तहरीर देकर पति राजभान, जेठानी ज्ञानती देवी और अन्य ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
मृतका के पिता का आरोप है कि सात वर्ष पूर्व प्रीति की शादी बरगदही निवासी राजभान से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। ससुराल पक्ष द्वारा आर्थिक स्थिति को लेकर ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
उन्होंने बताया कि नतिनी पीहू का मुंडन संस्कार होना था, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। आरोप है कि घटना से पहले साड़ी को लेकर पति और जेठानी ने प्रीति के साथ मारपीट की तथा मेहमानों के सामने अपमानित किया, जिससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामले में दहेज उत्पीड़न एवं आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी सतेन्द्र कुमार राय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति राजभान को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी ज्ञानती देवी की तलाश की जा रही है।