गरीब परिवारों की बेटियों के लिए वरदान बनी योजना- विजय कुमार दुबे
नवदंपतियों को सांसद विजय कुमार दुबे ने दिया आशीर्वाद
पडरौना, कुशीनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को पडरौना के पार्थ रिजॉर्ट, रामकोला रोड, बसंतपुर रोड स्थित सुसुवलिया में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 113 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 87 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से तथा 26 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे रहे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और लाभकारी योजना है, जिससे बेटियों के विवाह की चिंता काफी हद तक दूर हुई है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मनीष जायसवाल, विशुनपुरा ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, प्रधान संघ अध्यक्ष बबलू कुशवाहा, पडरौना खंड विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह का संचालन मनंजय तिवारी उर्फ पाण्डेय ने किया। वहीं सृष्टि दुबे सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को सम्मानपूर्वक विवाह की सुविधा उपलब्ध कराना है। पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
सांसद विजय कुमार दुबे:
“सरकार की यह योजना गरीब बेटियों के लिए वरदान है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है। सामूहिक विवाह सामाजिक एकता, सौहार्द और भाईचारे का भी संदेश देता है।”