परतावल/महराजगंज :- नगर पंचायत परतावल में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का महराजगंज के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया।
आपको बता दें कि सोमवार को शाम 6 बजे अचानक पहुंचे डीएम को देख अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम ने स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न हिस्सों का गहन निरीक्षण किया। इनमें आयुष्मान वार्ड, इंसेफ्लाइटिस वार्ड, एमरजेंसी वार्ड शामिल थे। उन्होंने वैक्सीन कक्ष, पैथोलॉजी विभाग और महिला विंग की भी जांच की। साथ ही पंजीकरण रजिस्टर को भी बारीकी से देखा।
अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था देख डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाई। साथ ही साफ-सफाई में सुधार लाने के निर्देश दिए। मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगले निरीक्षण में यदि सुधार नहीं मिला तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही होगी।