खड्डा में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यशाला आयोजित

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

शिव शम्भु सिंह खड्डा, कुशीनगर

मानव सेवा संस्थान के तत्वावधान में जनपद कुशीनगर के खड्डा क्षेत्र अंतर्गत पंचायत भवन, पकड़ी वृजलाल में जिला स्तरीय कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी कुप्रथा के प्रति लोगों को जागरूक करना और इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रीकिषुन यादव ने की। कार्यशाला में लगभग 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें करीब 50 किशोरियों की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए दुर्गेश कश्यप ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि समाज से इसे जड़ से समाप्त किया जा सके।

अध्यक्षता कर रहे ग्राम प्रधान श्रीकिषुन यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता अभियान अत्यंत आवश्यक हैं। इससे लोगों में समझ विकसित होगी और वे इस कुप्रथा के खिलाफ खड़े होंगे, जिससे बाल विवाह पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमरावती ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसके विरुद्ध कड़े दंड का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली ऐसी घटनाओं की सूचना संबंधित विभाग को दें और इसे रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अन्नपूर्णा देवी तथा आशा कार्यकर्ता विशाखा तिवारी, इन्द्रवती सिंह, उर्मिला चौहान और संगीता चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी वक्ताओं ने बाल विवाह को समाज के लिए गंभीर समस्या बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। आभार ज्ञापन रजत गुप्ता ने किया। उन्होंने बताया कि मानव सेवा संस्थान द्वारा आगे भी समाजहित में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *