ई–ऑफिस संचालन में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो माह से लॉगिन न करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 03 सितंबर 2025 को जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में समस्त विभागाध्यक्षों के साथ ई–ऑफिस संचालन की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पत्रावलियों का संचालन अब अनिवार्य रूप से ई–ऑफिस के माध्यम से किया जाए।

बैठक में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने अवगत कराया कि अभी तक 57 अधिकारी/कर्मचारी ई–ऑफिस पर लॉगिन नहीं किए हैं। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को चेतावनी दी और कहा कि शत–प्रतिशत पत्रावलियां ई–ऑफिस पर संचालित हों।

डीएम ने निर्देश दिया कि विगत दो माह से जिन अधिकारियों/कर्मचारियों ने ई–ऑफिस पर लॉगिन नहीं किया है, उनका वेतन रोक दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की शीर्ष प्राथमिकता पेपरलेस प्रशासन सुनिश्चित करना है। यदि किसी मामले में भौतिक रूप से फाइल प्रस्तुत करना आवश्यक हो, तो पहले उसकी प्रक्रिया ई–ऑफिस पर पूरी कर कंप्यूटर नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अनुराज जैन, डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे राजेन्द्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री नवनीत सहगल सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *