महाराजगंज – रविवार सुबह 8:00 बजे घुघली थाना क्षेत्र के अमोढ़ा गांव में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि अराजक तत्वों ने सौहार्द बिगाड़ने की नीयत से प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को खंडित कर दिया, वहीं पास में लगी भगवान गौतम बुद्ध की मूर्ति के मुख पर मिट्टी पोत दी। रविवार सुबह जब ग्रामीण विद्यालय की तरफ गए तो इस घटना की जानकारी होते ही गांव में तनाव व्याप्त हो गया।सूचना पर घुघली थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने तहरीर की मांग की लेकिन ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक मूर्ति की मरम्मत के लिए तैयार नहीं थे।
काफी मान-मनौवल के बाद ग्रामीण नई मूर्ति लगाने पर सहमत हुए। पास के ही एक मूर्तिकार को बुलाया गया जिसने मूर्ति की कीमत ₹15,000 बताई। इसमें से ₹5,000 का सहयोग थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने व्यक्तिगत रूप से दिया और ₹10,000 का सहयोग ग्राम प्रधान शैलेश पटेल द्वारा किया गया। इसके बाद मूर्ति का आर्डर दे दिया गया जिसके बाद ग्रामीण शांत हुई
घटना की जानकारी पर नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से संवाद कर शांति व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि, “मौके पर शांति व्यवस्था कायम है, ग्रामीणों से तहरीर ली जा रही है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के लिए सात लोगों को थाने लाया गया है।”