हिन्द सन्देश टाइम्स
महराजगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर विधायक पनियरा श्री ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक सदर श्री जय मंगल कन्नौजिया, विधायक फरेंदा श्री वीरेंद्र चौधरी तथा जिलाधिकारी श्री संतोष शर्मा ने संयुक्त रूप से चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक पनियरा ने कहा कि वर्तमान सरकार में पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने मुख्य सेविकाओं को जिम्मेदारी निभाने में सत्यनिष्ठा अपनाने की प्रेरणा दी।
विधायक सदर श्री जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं को उनकी प्रतिभा और परिश्रम का वास्तविक मूल्य मिल रहा है। पूर्व की सरकारों में योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पाता था, जबकि अब पहचान और पक्षपात का संकट समाप्त हो गया है।
विधायक फरेंदा श्री वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि नई नियुक्तियों से संबंधित विभाग और अधिक मजबूत होगा।
जिलाधिकारी श्री संतोष शर्मा ने कहा कि नवनियुक्त मुख्य सेविकाएं बच्चों के लिए यशोदा की भूमिका में होंगी। इसलिए उन्हें सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करना होगा।
इस अवसर पर प्रीतम विश्वकर्मा, शिल्पी सिंह, ममता सिंह, अंकित गुप्ता, प्रतिभा सिंह सहित 21 नवनियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री रामदरश चौधरी ने किया।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी श्री बी.एन. कन्नौजिया, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री दुर्गेश कुमार, समस्त सीडीपीओ, अभ्यर्थी व उनके परिजन मौजूद रहे।