एसआईआर को लेकर ग्रामीणों को किया गया विशेष रूप से जागरूक
महराजगंज। प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत शुक्रवार को सिसवा विकासखंड की ग्राम पंचायत हेवती में जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य शासन की प्राथमिक योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना एवं उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।
ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने सबकी उपस्थिति में प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन किया। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि रविवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा निर्वाचक नामावली पढ़ी जाएगी। ग्रामीण अपने-अपने बूथ पर उपस्थित होकर यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल है या नहीं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस दौरान एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत) सूची भी उपलब्ध रहेगी। यदि किसी का नाम एएसडी सूची में है तो दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। नाम छूटने की स्थिति में फॉर्म-06 एवं एफिडेविट जमा कराकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य स्वच्छ, पारदर्शी एवं समावेशी निर्वाचक सूची तैयार करना है, जिससे लोकतंत्र और अधिक सशक्त हो सके।
चौपाल में जिलाधिकारी ने वीबी–जी राम जी योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर यह नई योजना लागू की जा रही है, जिसमें ग्रामीणों को न्यूनतम 125 दिन का रोजगार मिलेगा। योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका का सृजन एवं ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचना का विकास करना है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना, फॉर्मर रजिस्ट्री तथा पीएम सूर्यघर योजना के लाभों की भी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत 1.08 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाता है, जिससे न केवल बिजली बिल कम होता है बल्कि अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्यस्थल पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने रुबीना का गोदभराई संस्कार कराया तथा नवजात खुशी एवं अक्षय का अन्नप्राशन भी किया।
चौपाल में 150 से अधिक लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर दवाओं का वितरण किया गया। 30 लोगों ने सीएम युवा योजना में रुचि दिखाई, 70 पशुपालकों का पंजीकरण किया गया तथा 94 पशुओं को कृमिनाशक दवा दी गई। पूर्ति विभाग द्वारा 25 नए यूनिट भी जोड़े गए।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक श्री रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे, प्रभारी सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी श्री बी.एन. कन्नौजिया, एसडीएम निचलौल श्री सिद्धार्थ गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री कन्हैया यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी सुश्री श्रेया मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी श्री प्रभाकर मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी सिसवा श्री अर्जुन प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।