दिल्ली, बुधवार।
दिल्ली की सियासत में बुधवार को एक बड़ा ड्रामा देखने को मिला। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके ही आवास पर चल रही जनसुनवाई के दौरान एक युवक ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले कागज सौंपने के बहाने सीएम के करीब पहुंचा, फिर अचानक चिल्लाने लगा और थप्पड़ जड़ दिया।
35 वर्षीय आरोपी को मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत काबू में कर लिया और हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसने इस तरह का कदम क्यों उठाया।
बीजेपी ने इस घटना को सीएम गुप्ता के खिलाफ सोची-समझी साजिश करार दिया। बीजेपी नेता रमेश बिधुड़ी ने कहा, “ये हमला सिर्फ रेखा गुप्ता पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनसुनवाई को पटरी से उतारने की कोशिश है।”
अरविंद केजरीवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट भी किया है.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों का मतभेद और विरोध स्वीकार्य है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं हो सकता।
मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। आशा है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हों।