बकायेदारों पर विद्युत विभाग की सख्ती, पकड़ी दीक्षित में 34 उपभोक्ताओं के कटे कनेक्शन, ₹60 हजार की वसूली

उत्तर प्रदेश महराजगंज

हिन्द सन्देश टाइम्स

महराजगंज:- विद्युत विभाग ने राजस्व वसूली बढ़ाने और उपभोक्ताओं को समय से बिल जमा करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में 1 सितम्बर 2025 को पकड़ी दीक्षित गांव में विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विभागीय टीम ने गांव में घूम-घूमकर बकायेदार उपभोक्ताओं की पहचान की। जिन उपभोक्ताओं ने लम्बे समय से विद्युत बिल जमा नहीं किया था, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 34 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए। साथ ही मौके पर ही लगभग ₹60,000 की बकाया राशि की वसूली की गई।

अधिकारियों ने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों के आदेश पर यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। प्रतिदिन किसी न किसी गांव या क्षेत्र में राजस्व वसूली अभियान चलाकर बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मानना है कि इस तरह की कार्यवाही से उपभोक्ताओं में अनुशासन आएगा और समय से बिजली बिल जमा करने की प्रवृत्ति बढ़ेगी।

विभागीय टीम ने बकायेदार उपभोक्ताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय पर बिल जमा नहीं किया गया तो आगे और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें कनेक्शन विच्छेदन के साथ-साथ कानूनी कार्यवाही भी शामिल हो सकती है। वहीं, जिन उपभोक्ताओं ने मौके पर बिल जमा किया, उनके कनेक्शन को पुनः बहाल कर दिया गया।

गांव में अभियान की चर्चा पूरे दिन बनी रही। कुछ उपभोक्ताओं ने इसे विभाग की सख्ती बताया तो कई लोगों ने समय से बिल जमा करने की जरूरत को स्वीकार किया। विभागीय अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि बिजली बिल समय पर जमा कर विभाग का सहयोग करें, ताकि विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *