परतावल/महराजगंज :- श्यामदेउरवा स्थित झारखंडी महादेव मंदिर परिसर में बीते 15 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही गणेश पूजा इस बार भी भक्तिमय माहौल में सम्पन्न हुई। इस वर्ष 25 अगस्त, सोमवारी को पंचमुखी गणेश की प्रतिमा का ढोल-नगाड़ों और “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।
ग्रामसभा में शोभायात्रा के बाद प्रतिमा को पंडाल में स्थापित किया गया, जहां हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। रात्रि में बिहार से आए प्रवचनकार राजनंदन जी महाराज ने धर्ममय वाणी से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वार्षिक परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 201 कन्याओं का पूजन विधिवत सम्पन्न हुआ। कन्याओं को हलवा-पूरी और फलाहार परोसा गया तथा चरणस्पर्श कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। शाम को गांव के तालाब पर गंगा आरती और आकर्षक झांकी ने भक्तों का मन मोह लिया।
भगवान गणेश को 111 किलो लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी ने सभी कन्याओं को कॉपी-पेन भेंटकर आशीर्वाद दिया।
पूजा समिति के आयोजक राहुल जायसवाल, यजमान मन्नू अग्रवाल व उनकी पत्नी, धीरज चौधरी, महेंद्र पटेल, गोपाल श्रीवास्तव, रिंकू जायसवाल सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया।