जिला पर्यावरण, वृक्षारोपण एवं गंगा समिति की बैठक सम्पन्न

Blog

महराजगंज, 02 सितम्बर 2025 को कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला गंगा समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी श्री अनुराज जैन ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा गंगा स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सबसे पहले जिले में सॉलिड वेस्ट, लिक्विड वेस्ट, ई-वेस्ट एवं प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा की गई। सीडीओ श्री जैन ने सभी नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए डोर टू डोर कलेक्शन को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि हर घर से नियमित रूप से कचरा उठाया जाएगा, तभी साफ-सफाई की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू हो सकेगी।

इसके बाद वृक्षारोपण अभियान और जियो टैगिंग की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वृक्षारोपण जन आंदोलन-2025 को सफल बनाने के लिए पौधों की जियो टैगिंग कार्य आवश्यक है, जिससे उनकी निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जिन विभागों ने इस दिशा में धीमी प्रगति की है, वे आगामी एक सप्ताह के भीतर जियो टैगिंग का कार्य पूर्ण करें। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर कार्य न करने वाले विभागों के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनसे जवाबदेही भी मांगी जाएगी।

सीडीओ श्री जैन ने स्पष्ट कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह एक जन आंदोलन है, जिसे सभी विभाग मिलकर सफल बनाएं। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे इस अभियान को अधिक से अधिक जनसहभागिता से जोड़ें, ताकि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगे की कार्ययोजना पर विचार साझा किए।

इस अवसर पर डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे राजेन्द्र, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए रिद्धि पांडेय सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *