महराजगंज, 04 सितम्बर 2025।
जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीणा द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी कार्यक्रमों, शांति-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता तथा प्रशासन और राजनैतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस या सभा प्रशासन को पूर्व सूचना देकर ही आयोजित करें, जिससे आम जनता को असुविधा न हो। साथ ही चुनाव आचार संहिता, व्यय सीमा और आदर्श आचरण नियमों का पालन करने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से निष्पक्ष और सख्त कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से प्रयोग करने की अपील की।
बैठक में जिला प्रशासन की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य, बूथवार व्यवस्थाओं, संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा योजना, तथा चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के इस संवाद कार्यक्रम की सराहना की और भरोसा दिलाया कि वे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए सहयोग करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।