महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की शाम नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद से गांव में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की तत्परता से आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग बालिका गांव की एक दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव का ही एक अधेड़ व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान की ओर ले जाने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि वहां आरोपी ने बालिका के साथ आपत्तिजनक हरकतें करने की कोशिश की।
बालिका के विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आरोपी को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पीड़िता को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस संबंध में कोतवाली थानाध्यक्ष नवनीत नागर ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।