एक दिन की डीएम बनी संजीवनी, फरियादियों की सुनी समस्याएं

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 23 सितम्बर 2025 :- मिशन शक्ति फेज-5 के तहत बेटियों को सशक्त बनाने और उन्हें प्रशासनिक कार्यों का अनुभव दिलाने के उद्देश्य से पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनरा की कक्षा 8 की छात्रा संजीवनी को एक दिन का जिलाधिकारी (डीएम) बनाया गया। बुधवार को संजीवनी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी की कुर्सी संभाली और करीब 15 फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

फरियादियों से की बातचीत

कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर छात्रा डीएम संजीवनी ने लगभग 15 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, पुलिस और ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित रहीं। संजीवनी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी मामलों का तत्काल और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
एक फरियादी ने चुनावी रंजिश को लेकर प्रतिपक्षियों द्वारा दी जा रही धमकियों की शिकायत की। इस पर संजीवनी ने कोतवाल सदर से फोन पर बात कर तुरंत आवश्यक कार्यवाही करने का आदेश दिया।

प्रशासनिक अनुभव मिला

इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संजीवनी को डीएम के दायित्व और कामकाज की बारीकियों से अवगत कराया। वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद में छात्राओं को एक दिन का डीएम, एसपी, सीडीओ, बीएसए बनाकर उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया जा रहा है।

संजीवनी का संकल्प

अपने अनुभव साझा करते हुए संजीवनी ने कहा—
“आज एक दिन की डीएम बनकर समझ आया कि जिलाधिकारी का दायित्व कितना व्यापक होता है। मैं भी मेहनत और लगन से पढ़ाई कर भविष्य में आईएएस बनना चाहती हूं और समाज की सेवा करूंगी।”

मौजूद रहे अधिकारी

इस मौके पर एसडीएम प्रेम प्रकाश पांडेय बीएसए ऋद्धि पांडेय सहित कई अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने संजीवनी को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि परिश्रम व आत्मविश्वास से वह अपने सपनों को जरूर पूरा करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *