महराजगंज- 25 सितंबर 2025 को मिशन शक्ति 5.0 कार्यक्रम के अंतर्गत फरेंदा स्थित आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में मीना दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी महोदय द्वारा पावर एंजिल के साथ केक काटकर किया गया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने छात्राओं के साथ कैरियर काउंसलिंग की और उन्हें अपने भविष्य को लेकर प्रेरित किया। उन्होंने बालिकाओं से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहती हैं। कुछ छात्राओं ने डॉक्टर बनने की इच्छा जताई तो कुछ ने प्रशासनिक सेवाओं एवं न्यायिक सेवा में जाने का संकल्प लिया। बीएसए महोदय ने महिला आईएएस, आईपीएस अफसरों एवं अपने जीवन के उदाहरणों को साझा कर बालिकाओं को प्रेरित किया।
उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत नारी सुरक्षा, नारी शक्ति एवं स्वावलंबन के विषय में भी विस्तार से चर्चा की और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बीएसए महोदय ने छात्राओं के साथ भोजन भी किया।
विद्यालय की बालिकाओं ने नुक्कड़ नाटक, स्वागत गीत और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” विषय पर जागरूकता गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। इस अवसर पर जिला समन्वयक बालिका शिक्षा एवं जिला समन्वयक समेकित शिक्षा भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा बल्कि उनके आत्मविश्वास और उज्जवल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।