ट्रेलर ट्रक में लगी आग, मालिक झुलसा – ड्राइवर-खलासी बाल-बाल बचे

उत्तर प्रदेश महराजगंज

भिटौली/महराजगंज :- भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर गांव के समीप सोमवार को एक ट्रेलर ट्रक अचानक भीषण आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ट्रक मालिक झुलस गया, जबकि चालक और खलासी समय रहते कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। झुलसे ट्रक मालिक को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ट्रक गोपाला (घुघली थाना क्षेत्र) से गोरखपुर के सोनबरसा बाजार स्थित एक एजेंसी की ओर जा रहा था। ट्रक मालिक ने बताया कि वाहन में हीटिंग की समस्या थी, जिसे ठीक कराने के लिए वह सोनबरसा ले जा रहे थे। जैसे ही ट्रक पिपरा खादर गांव के पास पहुंचा, अचानक शॉर्ट सर्किट से धधकती आग लगी और पूरे वाहन को अपनी गिरफ्त में ले लिया।

आग लगते ही ट्रक मालिक, चालक और खलासी तीनों ने फुर्ती दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर भिटौली व घुघली थाना पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। यह स्थान पकड़ी बिशनपुर के समीप है, जो घुघली थाना क्षेत्र से सटा हुआ है, इसलिए दोनों थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही।

फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। भीषण आगजनी की इस घटना को देखने के लिए आसपास के गांवों से भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *