भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने सोनौली पहुंचे एडीजी जैन

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, साथ ही नेपाल को मित्र राष्ट्र मानते हुए बेहतर संबंध एवं समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन बुधवार को सोनौली पहुंचे। उनके साथ पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेंद्र मीणा भी मौजूद रहे।

एडीजी जैन ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के विभिन्न चेक पोस्टों और पगडंडी मार्गों का निरीक्षण किया और वहां की स्थिति का गहन जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस एवं एसएसबी अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी त्यौहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु विशेष रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने विशेष रूप से प्रभावी चेकिंग, सतत पेट्रोलिंग और पुलिस-एसएसबी के बीच तालमेल को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी जैन ने इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) का भी दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नेपाल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर दोनों देशों की सीमा पर हर समय सतर्क दृष्टि रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि आंतरिक और बाह्य सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

त्योहारों के दृष्टिगत एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्वों पर सुरक्षा व्यवस्था से कोई भी समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ के समय अपराधियों व संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था भंग न होने पाए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने स्थानीय पुलिस को आदेशित किया कि सीमावर्ती इलाकों में शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की गहन चेकिंग कर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस तरह एडीजी जैन के निरीक्षण और निर्देशों के बाद त्यौहारो को शांति, सुरक्षा और सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने की दिशा में महराजगंज पुलिस ने अपनी तैयारियां और तेज कर दी हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *