परतावल/महराजगंज:- नव रात्रि पर्व (दशहरा मेले) को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में सोमवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर जय प्रकाश त्रिपाठी ने परतावल, श्यामदेउरवा और हरपुर तिवारी चौराहे पर भ्रमण कर दुर्गा पंडालों का निरीक्षण किया। उनके साथ थाना प्रभारी अभिषेक सिंह तथा भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
सीओ सदर जय प्रकाश ने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की जानकारी लेते हुए आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पूरी तरह से चौकसी बरती जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के बाद सीओ और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला। फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देना था।
थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने लोगों से अपील की कि वे शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।