महराजगंज। अपराध नियंत्रण अभियान के तहत घुघली पुलिस ने शनिवार 27 सितंबर 2025 को दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। आरोपियों के पास से 1 किलो 115 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, घुघली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नीले रंग की स्कूटी (UP56BB1325) पर सवार दो व्यक्ति अवैध गांजे का परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जखीरा चौराहा पर घेराबंदी की और स्कूटी चालक को रोकने का प्रयास किया। वाहन की तलाशी और पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान राजेश्वर सिंह (46) पुत्र वंशबहादुर सिंह और चंद्रभान गोंड (70) पुत्र स्व. सवरू गौड़ दोनों निवासी हरखी, थाना घुघली, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई।
पुलिस की तलाशी में एक सफेद झोले से कुल 1 किलो 115 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपियों के पास से वाहन संबंधी कागजात भी नहीं मिले। गांजे के परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को पुलिस ने धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
इस संबंध में थाना घुघली में मु0अ0सं0- 359/2025, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र जैन, कांस्टेबल आशुतोष राय और कांस्टेबल विजय प्रकाश शामिल रहे। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में की गई।