विश्व पोलियो दिवस पर रोटरी क्लब के सहयोग से रहमानिया अरबिया मदरसे के छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने का दिया संदेश, सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
रुड़की। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन के तत्वावधान में मदरसा रहमानिया अरबिया के सैकड़ों छात्रों ने नगर में भव्य जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश और प्रमुख समाजसेवी इंजीनियर मुजीब मलिक द्वारा किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने नागरिकों से अपील की कि वे पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
रैली का शुभारंभ सीएमएस डॉ. संजय कंसल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह रैली मदरसा रहमानिया, सब्जी मंडी, इमली रोड, बीटी गंज, सत्ती मोहल्ला, मेन बाजार होते हुए पुनः मदरसे पर जाकर संपन्न हुई। बच्चों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर “दो बूंद जिंदगी की”, “हर बच्चे को पोलियो ड्रॉप्स पिलाएं” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रोटरी क्लब के असिस्टेंट गवर्नर डॉ. अजय भार्गव ने कहा कि यह रैली पोलियो मुक्त विश्व की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल के निरंतर प्रयासों से विश्वभर में पोलियो के मामलों में 99% की कमी आई है और करोड़ों बच्चों की जानें बचाई गई हैं।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रवि प्रकाश ने कहा कि “विश्व पोलियो दिवस” उन सभी प्रयासों को सम्मान देने का दिन है जो मानवता को इस जानलेवा बीमारी से बचाने के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत को 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पोलियो मुक्त घोषित किया था, लेकिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं, इसलिए हमें सतर्क रहना आवश्यक है।
प्रमुख समाजसेवी इंजीनियर मुजीब मलिक ने कहा कि पोलियो को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों से सावधान रहना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह में न आएं और हर बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हेमंत अरोड़ा ने कहा कि भारत भले ही पोलियो मुक्त हो गया है, पर जागरूकता बनाए रखना और नियमित टीकाकरण जारी रखना अति आवश्यक है।
वहीं डॉ. सुधीर ने कहा कि बच्चों को पांच वर्ष की आयु तक पोलियो ड्रॉप्स समय पर पिलाना जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता, पोषण और हाथ धोने की आदत पर भी विशेष बल दिया।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. विकास त्यागी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन एक साझा जिम्मेदारी है। सरकार, स्वास्थ्य विभाग और समाज को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि “हर बच्चा, हर टीका, हर जगह” का लक्ष्य पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, नियमित टीकाकरण और जागरूकता रैलियां ही इस अभियान की सफलता की कुंजी हैं।
इस अवसर पर संजीव कौशल एडवोकेट, हाजी मुस्तकीम (मदरसा प्रबंधक), पंकज गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर, मौलाना अरशद कासमी, प्रधानाचार्य मौलाना अजहर उल हक, पार्षद संजीव राय (टोनी), मुफ्ती मोहम्मद सलीम, मौलवी सदाकत, पूर्व पार्षद जावेद फैन्सी, कारी कलीम अहमद, कारी मोहम्मद शाबान, एडवोकेट जफरुद्दीन, शाहवेज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रैली के माध्यम से नगरवासियों को यह संदेश दिया गया कि पोलियो की रोकथाम के लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा ताकि आने वाली पीढ़ियों को इस बीमारी से पूर्ण सुरक्षा मिल सके।