प्रतियोगिता परिणाम:
बालक वर्ग में प्रथम स्थान हरिद्वार, द्वितीय स्थान देहरादून तथा तृतीय स्थान रुद्रप्रयाग रहा।
बालिका वर्ग में प्रथम स्थान देहरादून, द्वितीय स्थान ऊधम सिंह नगर एवं तृतीय स्थान टिहरी गढ़वाल को प्राप्त हुआ।
रुड़की। उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के तत्वावधान में सोनाली रग्बी ग्राउंड पर पाँचवीं राज्य स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सात जिलों की टीमों ने प्रतिभाग कर अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में दर्जा प्राप्त मंत्री श्यामवीर सैनी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास का सशक्त माध्यम है और इससे अनुशासन व टीम भावना का विकास होता है।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का परिचय कराते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और उच्च शिखर तक पहुंचने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तेज प्रताप सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी धीर सिंह, उत्तराखंड शूटिंग बाल एसोसिएशन के सचिव सूरज रोड़, कोच फिलिप मुनीश शर्मा, सोनी रोड़, नितिन कुमार, आलम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं कोच आयुष सैनी ने बताया कि रग्बी खेल प्रदेश के सभी जिलों में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। बच्चों और युवाओं में बढ़ता उत्साह उत्तराखंड में मजबूत होती खेल संस्कृति का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय चैंपियनशिप जैसे आयोजनों से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और आने वाले समय में उत्तराखंड रग्बी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बनाएगा।
इस अवसर पर उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी, सचिव यशवंत सिंह एवं आकाश सिंह भी मौजूद रहे।