मतदाता सूची पुनरीक्षण में पारदर्शिता पर जोर — DM ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

उत्तर प्रदेश महराजगंज

महराजगंज, 09 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी  संतोष कुमार शर्मा द्वारा एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) प्रक्रिया में पारदर्शिता और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक दलों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सुचारु एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराना था।

बैठक में जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अब तक लगभग 84 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया जा चुका है, जो इस अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन के कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

‘नो मैपिंग’ वाले मतदाताओं पर विशेष ध्यान देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे मतदाता जिनका कनेक्शन वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली से स्थापित नहीं हो पा रहा है, उनकी मैपिंग की प्रक्रिया तेजी से संचालित है। उन्होंने राजनीतिक दलों के बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के माध्यम से इस कार्य में सहयोग देने का अनुरोध किया, ताकि नो मैपिंग प्रकरणों को न्यूनतम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि आगामी दिनों में समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ और बीएलए की संयुक्त बैठक कराए जाने की योजना है, जिसमें एसआईआर में विलोपित नामों को पढ़कर सुनाया जाएगा। यदि किसी नाम के विलोपन पर आपत्ति हो तो तत्काल दर्ज कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि संपूर्ण प्रक्रिया में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि आगामी दो दिनों में विशेष कैंप का आयोजन कर नए मतदाताओं से फॉर्म-06 भरवाया जाएगा, ताकि पात्र युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि नए मतदाता बनने के इच्छुक किसी भी नागरिक को इस महत्वपूर्ण अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें प्रशासन, सभी राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाने में सभी दल प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेंगे।

बैठक के पूर्व जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से उनके सुझाव भी आमंत्रित किए। उपस्थित सभी दलों ने एसआईआर प्रक्रिया की सराहना करते हुए जिलाधिकारी को इसके सफल संचालन हेतु बधाई दी।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी को उनके सुझाव एवं सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

   जनपद की वर्तमान स्थिति
कुल मतदेय स्थल : 2084
पंजीकृत मतदाता : 19,92,459
वितरित गणना प्रपत्र : 99.97%
डिजिटाइज्ड प्रपत्र : लगभग 84%
मृत/स्थानांतरित/अन्य कारणों से प्रपत्र न मिल पाने वाले मतदाता : 13.78%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *