बिना नोटिस घर तोड़े जाने का आरोप, पीड़ित परिवार ने सरकार से लगाई न्याय की गुहार

उत्तर प्रदेश कुशीनगर

हिन्द सन्देश टाइम्स
शिव शम्भू सिंह


खड्डा, कुशीनगर :- खड्डा तहसील क्षेत्र के थाना हनुमानगंज अंतर्गत ग्राम सभा रामपुर जंगल में तहसील प्रशासन द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के एक गरीब परिवार का मकान जेसीबी से तोड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित अनारी देवी पत्नी यदुवंश हरिजन ने इस कार्यवाही को अवैध बताते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से न्याय की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 4 जनवरी 2026 को तहसील प्रशासन ने ग्राम रामपुर जंगल में अनारी देवी की पुस्तैनी भूमि पर बने घर को जेसीबी लगाकर ध्वस्त कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप यह है कि कार्यवाही से पहले उन्हें कोई नोटिस या वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी नहीं दी गई। मकान टूट जाने के बाद परिवार इस कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।



इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुऐ पीड़िता अनारी देवी ने बताया कि उनके पति यदुवंश हरिजन दृष्टिबाधित हैं और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान, भू-माफियाओं और तहसील प्रशासन के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से यह कार्यवाही की गई है। परिवार का कहना है कि वे वर्षों से उक्त भूमि पर रह रहे थे, इसके बावजूद बिना सुनवाई के उनका आशियाना उजाड़ दिया गया।

पीड़ित परिवार ने 9 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश सरकार को रजिस्ट्री डाक के माध्यम से पूरे मामले की जानकारी देते हुए दोषियों के खिलाफ जांच कर उचित कार्यवाही करते हुऐ न्याय की मांग की है। साथ ही परिवार ने प्रशासन से आवास, राहत और पुनर्वास की व्यवस्था कराने की भी अपील की है।

मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है और अब पीड़ित परिवार को शासन स्तर से कार्यवाही और राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *